बिलासपुर। बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर रविवार को दो समुदायों के बीच जोरदार विवाद हो गया। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पास्टर विजय सिंह के घर पहुंचे और वहां प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप लगाया। उनके साथ पुलिस भी मौजूद थी।
हिंदू संगठन का आरोप था कि प्रार्थना के बहाने हिंदुओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें धर्म बदलने के लिए उकसाया जा रहा है। जैसे ही पुलिस और संगठन के सदस्य घर पहुंचे, महिलाएं और युवतियां बाहर आ गईं और प्रार्थना में बाधा डालने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगीं। मौके पर पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्ष भिड़ गए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने सभी को थाने बुलाया।
मसीही समाज के लोगों ने थाने का घेराव किया और हिंदूवादी संगठन पर जबरन घर में घुसने, मारपीट करने और धमकी भरे नारे लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे शांतिपूर्वक प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन जबरन उन्हें रोका गया। कुछ महिलाओं ने छेड़छाड़ और अपमानजनक नारेबाजी की शिकायत भी दर्ज कराई है।
वहीं, हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि भोले-भाले लोगों को बहकाकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। पुलिस ने मसीही समाज की शिकायत पर हिंदू संगठन के कुछ पदाधिकारियों पर FIR दर्ज कर ली है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच जारी है।