CG Weather Update: दिन में बढ़ रही गर्मी, रात में मिल रही हल्की राहत; अगले 4 दिन मौसम रहेगा शुष्क

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ने लगा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे दिन में तेज गर्मी महसूस हो रही है, हालांकि रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी के कारण कई घरों में अभी से ही एसी और कूलर का इस्तेमाल शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है।

शनिवार को प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में करीब 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में लगभग 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार ओडिशा और उसके आसपास के क्षेत्र में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। हालांकि इन मौसमी सिस्टम का प्रदेश के मौसम पर फिलहाल ज्यादा असर नहीं पड़ रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि 8 मार्च को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने के आसार हैं। इस दौरान आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

राजधानी रायपुर की बात करें तो रविवार सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। दिन में गर्मी महसूस होगी, जबकि रात के समय हल्की राहत मिल सकती है।

Exit mobile version