रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का मौका है। मुंगेली जिले में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से निजी कंपनियों में कुल 140 पदों पर भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि इसमें 10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए भी कई पद उपलब्ध हैं।
मुंगेली में रोजगार मेला 22 सितंबर 2026 को जिला रोजगार कार्यालय एवं जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज परिसर, ग्राम जमकोर में आयोजित किया जाएगा। उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मेले में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
इन पदों पर होगी भर्ती
रोजगार मेले में फील्ड ऑफिसर के 50 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इलेक्ट्रॉनिक मीटर टेक्नीशियन के 30 पदों के लिए ITI पास अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
इसके अलावा सेल्स ऑफिसर के 20 पदों के लिए BSc Agriculture की योग्यता मांगी गई है। सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के 20 पदों पर 12वीं पास और रिलेशनशिप मैनेजर के 20 पदों पर स्नातक उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा। इस तरह कुल 140 पदों पर भर्ती की जाएगी।
पंजीयन कार्ड लाना जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को जिला रोजगार कार्यालय का पंजीयन कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। अभ्यर्थी अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार छत्तीसगढ़ के e-Rojgar पोर्टल, e-Rojgar CG App या जिला रोजगार कार्यालय, मुंगेली से संपर्क कर सकते हैं।
