सीसी मेंबर रामधेर ने 50 नक्सलियों के साथ किया सरेंडर, महला कैंप में मची हलचल

पखांजूर। उत्तर बस्तर से बड़ी खबर सामने आई है। नक्सल संगठन में सक्रिय केंद्रीय समिति (सीसी) सदस्य रामधेर ने अपने 50 साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है।

बताया जा रहा है कि इन सभी पर कुल मिलाकर करीब 50 लाख रुपए का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण की यह घटना पखांजूर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित महला कैंप में हुई, जहां सुबह से ही हलचल मची हुई थी।

जानकारी के अनुसार, रामधेर का नाम उत्तर बस्तर क्षेत्र में लंबे समय से चर्चित था और संगठन पर उसकी मजबूत पकड़ थी। वह अकेले नहीं बल्कि अपने पूरे दस्ते के साथ नक्सली विचारधारा को त्यागकर समाज की मुख्यधारा में लौट आया है। यह आत्मसमर्पण बस्तर में नक्सल उन्मूलन अभियान के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले 17 अक्टूबर को बस्तर पुलिस लाइन ग्राउंड में 210 नक्सलियों ने सामूहिक रूप से आत्मसमर्पण किया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव ने उन्हें संविधान की पुस्तक और फूल देकर स्वागत किया था।

उस दौरान केंद्रीय समिति सदस्य रुपेश उर्फ सतीश, भास्कर मंडावी, रनिता, राजू सलाम, धन्नू वेट्टी और रतन एलम सहित कई बड़े नक्सली नेताओं ने भी आत्मसमर्पण किया था। उन्होंने सुरक्षा बलों को 153 हथियार सौंपे थे, जिनमें 19 AK-47, 17 SLR, 23 INSAS राइफलें और 11 ग्रेनेड लॉन्चर शामिल थे। रामधेर का आत्मसमर्पण इस क्रम की तीसरी बड़ी कड़ी माना जा रहा है, जो नक्सली संगठन के लिए गहरा झटका है और बस्तर में शांति बहाली की दिशा में बड़ा कदम।

Exit mobile version