बिलासपुर। सड़क हादसे में भाजपा नेता और रेलवे जोन प्रभारी विजय सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके साथी जगन्नाथ राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बुधवार देर रात सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी इलाके में हुआ। विजय सिंह टिकरापारा के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, विजय सिंह अपनी कार (सीजी 10 बीडब्ल्यू 8767) में जगन्नाथ राजू के साथ हरदी बसिया से सिलपहरी की ओर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के प्रयास में उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर (सीजी 12 एयू 6249) से जबरदस्त टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई और विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को कार से बाहर निकाला और सिम्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने विजय सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि जगन्नाथ राजू का इलाज अस्पताल में जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि घटना की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जगन्नाथ राजू के बयान लिए जाने बाकी हैं, जो हादसे की विस्तृत जानकारी दे सकते हैं। पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है। विजय सिंह को स्थानीय राजनीति में सक्रिय और लोकप्रिय नेता के रूप में जाना जाता था।