रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के अंतर्गत पंजीयन और बिल भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं के लिए विशेष शिविर आयोजित करने की घोषणा की है। इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ पंजीयन और बकाया बिल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे योजना के नाम पर हो रही साइबर ठगी से सावधान रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजीयन या बिजली बिल भुगतान से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया के लिए अनजान व्हाट्सएप मैसेज, ई-मेल या एसएमएस में भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी प्रकार की एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें।
कंपनी ने बताया कि कई बार आर्थिक कारणों से उपभोक्ता समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाते, जिससे उस पर अधिभार बढ़ता जाता है और बकाया राशि ज्यादा हो जाती है। ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने समाधान योजना शुरू की है। इस योजना के तहत उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार एकमुश्त या किस्तों में बकाया बिल का भुगतान कर सकते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पहले पंजीयन कराना अनिवार्य है।
पॉवर कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि पंजीयन राशि का भुगतान केवल अधिकृत माध्यमों से ही किया जा सकता है। इसके लिए “मोर बिजली एप”, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी सेंटर या संबंधित विद्युत कार्यालय का ही उपयोग करें। किसी भी मैदानी कर्मचारी को नकद भुगतान न करें।
कंपनी के अनुसार, उपभोक्ताओं तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे, ताकि लोग सीधे अधिकृत माध्यम से योजना का लाभ ले सकें। साथ ही यह भी बताया गया है कि पॉवर कंपनी की ओर से भेजे जाने वाले सभी आधिकारिक संदेश “CSPDCL-S” सेंडर आईडी से ही आते हैं।
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। कंपनी ने कहा कि सतर्कता ही समझदारी है और थोड़ी सावधानी बरतकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है।
