रायपुर में सराफा कारोबारी से 3.90 लाख की ठगी: महिला समेत 3 ने नकली सोने के जेवर गिरवी रखे, जांच में खुला मामला

रायपुर। रायपुर के बीरगांव में नकली सोने के जेवरात को असली बताकर सराफा कारोबारी से 3.90 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। महिला समेत तीन लोगों ने अलग-अलग तारीखों में रिंग और कंगन गिरवी रखकर कारोबारी से रकम ली। 5 अक्टूबर को सराफा कारोबारियों के वाट्सऐप ग्रुप में नकली सोना गिरवी रखने को लेकर मैसेज आने के बाद कारोबारी ने जेवरों की जांच कराई। सभी जेवर नकली निकले। मामला उरला थाना क्षेत्र का है।

शैलेंद्र नगर निवासी वैभव सोनी की बीरगांव मेन रोड पर वैभव ज्वेलर्स नाम से दुकान है। शिकायत के मुताबिक 16 अगस्त को मनीष देवांगन दुकान पहुंचा और 4.080 ग्राम की जेंट्स रिंग गिरवी रखकर 40 हजार रुपए लिए। अगले दिन 17 अगस्त को उसने 19.860 ग्राम वजन के चार कंगन गिरवी रखे। इनके बदले कारोबारी ने उसे 1.90 लाख रुपए दिए।

इसके बाद 1 सितंबर को दामिनी और राजेश अग्रवाल दुकान पहुंचे। दामिनी ने 17.820 ग्राम वजन के दो कंगन गिरवी रखे। इसके बदले दोनों ने कारोबारी से 1.60 लाख रुपए लिए। इस तरह तीनों ने अलग-अलग तारीखों में कुल 3.90 लाख रुपए हासिल कर लिए।

सराफा ग्रुप के मैसेज से हुआ शक

5 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ सराफा कारोबारियों के वाट्सऐप ग्रुप में नकली सोने के जेवर गिरवी रखने वाले लोगों को लेकर मैसेज आया। इसके बाद वैभव सोनी को अपने यहां रखे जेवरों पर शक हुआ। उन्होंने मनीष की रिंग और चार कंगन तथा दामिनी के दो कंगन रायपुर सदर बाजार स्थित विजय टंच में जांच के लिए भेजे।

जांच में सभी जेवर नकली पाए गए। इसके बाद कारोबारी ने उरला थाने में मनीष देवांगन, दामिनी और राजेश अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

↑
Exit mobile version