रायपुर। रायपुर शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार सख्त होता जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर निगम जोन-10 के नगर निवेश विभाग की टीम ने अमलीडीह और बोरियाखुर्द इलाके में बड़ी कार्रवाई की। निगम की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
निगम अधिकारियों के अनुसार अमलीडीह क्षेत्र में लगभग 4 एकड़ और बोरियाखुर्द में करीब 3 एकड़ निजी भूमि पर अज्ञात लोगों द्वारा नियमों को दरकिनार कर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। प्लॉटिंग करने वालों ने बिना किसी वैधानिक अनुमति के जमीन पर सड़कें और आंतरिक रास्ते बना दिए थे, ताकि प्लॉट बेचने की तैयारी की जा सके।
सूचना मिलते ही नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से बनाई गई सड़कों और रास्तों को पूरी तरह तोड़ दिया गया। इसके साथ ही जमीन पर बनाए गए सभी आवागमन मार्ग बंद कर दिए गए, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि दोबारा न हो सके।
नगर निगम ने अवैध प्लॉटिंग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से रायपुर तहसीलदार को पत्र लिखकर संबंधित निजी जमीनों के स्वामित्व और दस्तावेजों की जानकारी जल्द उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। दस्तावेज प्राप्त होने के बाद अवैध प्लॉटिंग में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी।
नगर निवेश विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ राज्य शासन के अधिनियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित थाना क्षेत्र में नामजद एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
जोन कमिश्नर ने कहा कि शहर में अवैध प्लॉटिंग को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिना वैधानिक अनुमति वाली जमीनों में निवेश करने से पहले पूरी जांच करें। नगर निगम की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
