मुंबई। टीवी एक्ट्रेस नीति टेलर ने अपने निजी जीवन से जुड़ा एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे रियलिटी शो ‘अलायंस’ के एक हालिया एपिसोड में उन्होंने बताया कि उनके पूर्व बॉयफ्रेंड ने उन्हें जलती सिगरेट से कई बार दागा था। इतना ही नहीं, उनके साथ शारीरिक हिंसा भी हुई थी। एक्ट्रेस ने अपनी जांघों पर मौजूद निशान भी सह-प्रतियोगियों को दिखाए।
शो के दौरान नीति टेलर ने रूही दोसांझ, मिनी माथुर और डेजी शाह से बातचीत करते हुए कहा कि उनके एक्स बॉयफ्रेंड का व्यवहार बेहद हिंसक था। जब सह-प्रतियोगियों ने पूछा कि क्या सिगरेट से जलना गलती से हुआ था, तो उन्होंने साफ कहा कि ऐसा जानबूझकर किया गया था। नीति के मुताबिक, यह घटना उनके बॉयफ्रेंड के जन्मदिन के दिन हुई थी।
एक्ट्रेस ने बताया कि उस दिन उनके शरीर पर कई जगह सिगरेट से निशान बनाए गए और उन्हें थप्पड़ भी मारा गया। इसी घटना के बाद उन्होंने यह रिश्ता हमेशा के लिए खत्म करने का फैसला लिया। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी जांघों पर बने कई पुराने निशान भी दिखाए, जो आज भी मौजूद हैं।
31 वर्षीय नीति टेलर ने 15 साल की उम्र में अभिनय की शुरुआत की थी। वह ‘कैसी ये यारियां’, ‘इश्कबाज’ और ‘गुलाम’ जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में परिक्षित बावा से सगाई की थी और 2020 में दोनों ने शादी कर ली।
बता दें कि ‘अलायंस’ एक सेलिब्रिटी रियलिटी शो है, जिसकी शुरुआत 26 जून से हुई है। शो में कई चर्चित कलाकार हिस्सा ले रहे हैं और इसे अभिनेता कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। नीति के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर उनके साहस की चर्चा हो रही है।
