दिल्ली। मोहाली में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के 16 स्कूलों और कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला।
सुबह करीब साढ़े सात बजे भेजे गए इस मेल में दोपहर 1:11 बजे बम धमाके की बात कही गई थी। इसके साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को मानव बम से उड़ाने, तथा 13 फरवरी को दिल्ली स्थित संसद में धमाका करने की धमकी भी दी गई। ई-मेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई थी।
धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए। स्कूल खुलने से पहले ही सभी संबंधित स्कूलों में तत्काल छुट्टी घोषित कर दी गई। बच्चों को स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया और अभिभावकों को तुरंत बच्चों को घर ले जाने के निर्देश दिए गए। स्कूल बसों को भी गेट से ही वापस भेज दिया गया। इससे अभिभावकों में दहशत फैल गई और स्कूलों के बाहर भारी भीड़ जुट गई।
मोहाली पुलिस, बम स्क्वॉड और एंटी-सबोटाज टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। चंडीगढ़, रोपड़ और फतेहगढ़ साहिब से भी विशेष दस्ते बुलाए गए। पूरे स्कूल परिसर को सील कर गहन तलाशी अभियान चलाया गया। एसएसपी हरमनदीप हंस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के तहत 15 वरिष्ठ अधिकारियों और करीब 300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
धमकी भरे ई-मेल में पंजाब को खालिस्तान बताए जाने और आतंकवादी भाषा का इस्तेमाल किए जाने से मामला और गंभीर हो गया। पुलिस साइबर सेल के जरिए ई-मेल की जांच कर रही है और इसके स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल सभी स्कूलों में सघन जांच जारी है और किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
