एंटीलिया में गणपति उत्सव में पहुंचे बॉलीवुड के दिग्गज, तिलक लगवाकर बप्पा को फूल चढ़ाए

मुंबई। अंबानी परिवार के एंटीलिया स्थित घर पर गणपति उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर बॉलीवुड के कई सितारे बप्पा के दर्शन करने पहुंचे। सलमान खान ने भी गणपति प्रतिमा के सामने पहुंचकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने पंडित से तिलक लगवाया और पटका पहनने के बाद भगवान गणेश को फूल अर्पित किए।

सलमान खान नए लुक में एंटीलिया पहुंचे थे। यहां उन्होंने पैपराजी के लिए तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसके बाद वह गणपति प्रतिमा के पास पहुंचे और पूजा-अर्चना की। सलमान के अलावा कई बॉलीवुड सेलेब्स भी इस सेलिब्रेशन का हिस्सा बने।

राधिका मर्चेंट ने दी भक्तिमय भरतनाट्यम प्रस्तुति

गणपति सेलिब्रेशन के दौरान राधिका मर्चेंट ने शास्त्रीय भरतनाट्यम प्रस्तुति दी। उनकी इस भक्तिमय परफॉर्मेंस को मशहूर कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफ किया था। राधिका लाल साड़ी और हैवी ज्वेलरी में नजर आईं। उनकी प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद मेहमानों का ध्यान खींचा।

सिद्धार्थ-कियारा और विक्की-कटरीना भी पहुंचे

एंटीलिया में गणपति दर्शन के लिए विक्की कौशल और कटरीना कैफ भी पहुंचे। दोनों ने बप्पा को फूल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। वहीं, हाल ही में माता-पिता बने सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी भी हाथ जोड़कर गणपति प्रतिमा के सामने नजर आए।

पूजा में अंबानी परिवार साथ नजर आया

गणपति उत्सव से पहले अंबानी परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों के लिए पूजा का आयोजन किया गया। आरती के दौरान नीता अंबानी भक्ति में लीन नजर आईं। राधिका मर्चेंट, अनंत अंबानी, मुकेश अंबानी और परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए।

फूलों और लाइटिंग से सजा एंटीलिया

गणपति बप्पा के स्वागत के लिए एंटीलिया को गेंदे के फूलों, रोशनी और पारंपरिक सजावट से सजाया गया। नीता अंबानी गहरे लाल रंग के पारंपरिक परिधान और गहनों में नजर आईं, जबकि राधिका मर्चेंट ने नारंगी रंग का कढ़ाईदार एथनिक आउटफिट पहना था। समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं।

Exit mobile version