रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज का दिन हादसों के नाम रहा। प्रदेश के बलौदाबाजार और जशपुर जिलों में हुए दो बड़े सड़क हादसों में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक यात्री घायल हैं। भाटापारा में हुए हादसे का खौफनाक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक तेज रफ्तार ट्रक बस को टक्कर मारते दिख रहा है।
केस 1: भाटापारा में ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 5 की मौत
बलौदाबाजार के सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा गांव के पास सुबह करीब 10:30 बजे यह हादसा हुआ। आरबीएस (RBS) कंपनी की यात्री बस को एक हाईवे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में 5 यात्रियों की जान चली गई और 29 लोग घायल हो गए।
दिल दहला देने वाला मंजर: मृतकों में बिलासपुर यूनिवर्सिटी की छात्रा चंचल साहू (21) भी शामिल है। चंचल होली मनाकर घर से निकली थी, पिता ने उसे हंसते हुए बस स्टॉप पर विदा किया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर आ गई। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में बेटी का शव देख पिता के करुण क्रंदन ने सबका दिल दहला दिया।
केस 2: जशपुर में अनियंत्रित होकर पलटी बस, 5 की जान गई
दूसरी घटना जशपुर जिले के तपकरा की है। झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी जा रही एक बस गोडाअंबा गांव के पास अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और पलट गई। इस हादसे में भी एक बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और कुनकुरी अस्पताल पहुंचाया।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने इन हादसों पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को ही दोनों हादसों की मुख्य वजह माना जा रहा है।
