रायपुर में देर रात दो पक्षों में खूनी झड़प, इलाके में तनाव; भारी पुलिस बल तैनात

रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत मोमिन पारा और बढ़ई पारा इलाके में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक मामूली बाइक टक्कर से हुई। बताया जा रहा है कि बढ़ई पारा के कुछ नाबालिग लड़कों की बाइक से टक्कर के बाद मोमिन पारा के युवकों से रात करीब साढ़े 10 से 11 बजे के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। इस झड़प में तीन युवकों के सिर फट गए, जबकि दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान कुछ लोगों ने धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए, जिससे देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हालात को नियंत्रित करने के लिए 50 से अधिक पुलिस जवानों और अधिकारियों को इलाके में तैनात किया गया है।

मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। इशु अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Exit mobile version