6 इंच जमीन के लिए खूनखराबा: भतीजे ने फरसे से चाचा का गला काटा, गिरफ्तार

बलौदाबाजा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मामूली सी जमीन के विवाद ने दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। मात्र 6 इंच जमीन को लेकर हुए पुराने झगड़े में भतीजे ने फरसे से अपने ही चाचा का गला काटकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात पलारी थाना क्षेत्र के गितकेरा गांव की है, जिसकी पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

पुलिस के अनुसार, गितकेरा गांव में दो सगे भाइयों के परिवार अगल-बगल रहते हैं। दोनों की पैतृक जमीन है, जिसके बंटवारे को लेकर पिछले करीब 10 वर्षों से विवाद चल रहा था। आरोपी यशवंत यादव (38) के पिता अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि इस दौरान मृतक नारायण यादव (45) ने करीब 5 से 6 इंच जमीन पर कब्जा कर लिया, जिससे दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया।

15 जनवरी को इसी जमीन विवाद को लेकर पहले दोनों परिवारों में कहासुनी और मारपीट हुई। कुछ देर बाद गुस्से में भतीजा यशवंत अपने घर भागा और पूजा घर में रखा फरसा उठाकर वापस चौक पहुंचा। CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि यशवंत दौड़ते हुए आया और चौक में खड़े अपने चाचा नारायण यादव के गले पर फरसे से सीधा वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि नारायण मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण रोने लगे। लोगों ने घायल नारायण को तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यशवंत ने सिर्फ एक ही वार किया था, जो जानलेवा साबित हुआ।

वारदात के बाद आरोपी यशवंत यादव खुद थाने पहुंचा और पुलिस से कहा कि उसने अपने चाचा को मार डाला है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त फरसा जब्त कर लिया है। फिलहाल, पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Exit mobile version