रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी व सहप्रभारी नितिन नबीन अपने दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठनात्मक दृष्टि से भाजपा(BJP) प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी व सहप्रभारी नितिन नबीन ने भाजपा जिला प्रभारियों की बैठक ली जिसमे संगठन को मजबूती प्रदान करने और जिला स्तर पर संगठन की गतिविधियों के साथ साथ आगामी कार्ययोजना को ले कर चर्चा हुई। (BJP) भाजपा जिला प्रभारियों की बैठक के उपरांत भाजपा प्रदेश प्रभारी व सहप्रभारी ने संगठन की बैठक ली, जिसमें संगठन महामंत्री पवन साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी, नारायण चंदेल मौजूद रहे। भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से उक्त बैठक में शामिल रहे। संगठन की बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, प्रदेश सरकार की विफलता और जनहित से जुड़े विषयों को ले कर जनता के बीच जाने के संबंध में रणनीति बनी साथ ही संगठन को मजबूती देते हुए प्रदेश से जिला और मंडल स्तर से बूथों तक कार्ययोजना बना कर मजबूती के साथ क्रियान्वयन को ले कर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान सभी मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों व भाजपा नेताओं ने भाजपा प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी व सहप्रभारी नितिन नबीन के सामने प्रदेश सरकार की नाकामियों को रखते हुए सरकार के खिलाफ किये गए धरना प्रदर्शन की जानकारियां दी। भाजपा नेताओं ने पिछले दिनों कांकेर में भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट की घटना को गंभीरता से रखा साथ ही छत्तीसगढ़ में पहाड़ी कोरवा जनजाति के साथ हो रही ज्याददतियों से भी प्रभारी व सहप्रभारी को अवगत करवाया गया। शराब के मामले में अन्य प्रदेश की अवैध शराब सहित महिला के साथ बढ़ते अपराध सहित सरकार की नाकामियों को प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी व सहप्रभारी नितिन नबीन के समक्ष रखा गया। बैठक में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने व विभिन्न विषयों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनी।
भाजपा प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी व सहप्रभारी नितिन नबीन ने सभी मोर्चा प्रकोष्ठों की भी बैठक ली बैठक में सभी मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से वन टू वन चर्चा हुई जिसमें मोर्चा प्रकोष्ठों के नवनियुक्त पदाधिकारियों से परिचयात्मक भेंट के साथ साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। शनिवार के अपने प्रवास के प्रथम दिन संगठनात्मक बैठकों के भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी व सहप्रभारी नितिन नबीन ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक ली। बैठक में डॉ रमन सिंह,बृजमोहन अग्रवाल,धरम लाल कौशिक,विक्रम उसेंडी,रामविचार नेताम,पवन साय, पुन्नूलाल मोहिले,वर्चुवल माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय जी उपस्थित थे। कोर ग्रुप की बैठक के पूर्व भाजपा कोर ग्रुप के सदस्यों ने प्रदेश सहप्रभारी नितिन नबीन जी को पुष्प गुच्छ भेंट कर कर पथ निर्माण मंत्री बनने पर बधाई दी ।