भाजपा ने बनाया 1000 दिनों का रोडमैप, सीएम बोले- PM Modi के विजन को पूरा करेंगे

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अगले 1000 दिनों के लिए एक मजबूत कार्ययोजना तैयार कर ली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संगठनात्मक कार्यशाला में कहा कि इस रोडमैप पर काम करके पार्टी 2028 के विधानसभा चुनाव में फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार है।

कार्यशाला में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। शिव प्रकाश ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा सक्रिय रहते हैं और आने वाले तीन सालों में सशक्त कार्ययोजना को मूर्त रूप देंगे।

राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और छत्तीसगढ़ संगठनात्मक लक्ष्यों को समय पर पूरा करता है। प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इंटरनेट मीडिया के जरिए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना नई टीम की जिम्मेदारी है।

प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि केंद्र और राज्य की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है। वहीं, पवन साय ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए उन्हें पार्टी की रीढ़ बताया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री, उपमुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Exit mobile version