बिलासपुर। पुलिस ने 100 किलो से सफेद चंदन जब्त किया गया है। चंदन की इस लकड़ी की कीमत पांच लाख रुपए बताई जा रही है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। तस्कर पुष्पा मूवी की तरह छत्तीसगढ़ में सफेद चंदन लकड़ी की तस्करी कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली की दो संदिग्ध युवक बस स्टैंड में दो बोरियों में कुछ लेकर खड़े हैं। सूचना मिलने पर उन्होंने टीम भेजकर संदेहियों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। पुलिस की गाड़ी वहां पहुंची तो दोनों युवक बोरी को छोड़कर खेत की ओर भाग निकले।
पुलिस ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया लेकिन दोनों नहीं मिले। इधर पुलिस ने बोरी को खोल कर तलाशी ली, तब उसमें से चंदन की खुशबूदार लकड़ी मिली। जिसे पुलिस ने तौलाया तब 100 से अधिक किलो वजनी सफेद चंदन निकला। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है। पुलिस तस्करों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने अंदेशा जताया है कि तस्कर गौरेला या अमरकंटक तरफ से चंदन की लकड़ी लेकर आए होंगे और उसे बस में लेकर उत्तर प्रदेश जाने की फिराक में रहे होंगे।