छत्तीसगढ़ के हजारों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शासकीय और निजी महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। यह फैसला उन विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जो विभिन्न कारणों से समय पर कॉलेजों में प्रवेश नहीं ले सके थे।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी छात्र-छात्राएं व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश नहीं ले पाए थे। सरकार नहीं चाहती कि किसी योग्य विद्यार्थी का एक वर्ष सिर्फ तारीखों के कारण बर्बाद हो जाए।
मंत्री ने कहा कि छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रवेश की समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने और समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
पहले 14 अगस्त तक थी अंतिम तिथि
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, इससे पहले प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई थी। वहीं, कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश लेने की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद प्रदेश के कई महाविद्यालयों में सीटें खाली रह गई थीं।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों से आने वाले कई छात्र समय पर आवेदन नहीं कर सके थे। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने प्रवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
प्रदेश के शासकीय और निजी महाविद्यालयों में अब रिक्त सीटों पर 31 अगस्त तक प्रवेश दिए जाएंगे। इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जुड़ने का एक और अवसर मिलेगा।
