रायगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने पुसौर विकासखंड के कोड़ातराई में पीएम श्री स्कूल भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। करीब 1.21 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस भवन में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। भवन बनने के बाद क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। तकनीकी दौर में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें नई सोच, जिज्ञासा, सवाल पूछने और नवाचार की भावना विकसित करें।
उन्होंने कहा कि बच्चों में इनोवेशन और स्टार्टअप की सोच विकसित करना समय की जरूरत है। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक दिवस पर उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों में सीखने और कुछ नया करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने की अपील की।
सकरबोगा में ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं
मंत्री चौधरी ने सकरबोगा गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं और प्राथमिक जरूरतें सुनीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, सड़क समेत बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। विकास योजनाएं स्थानीय जरूरतों और ग्रामीणों के सुझावों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई जाएंगी। इस दौरान जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
