बंगाल रुझान: भाजपा बहुमत के पार, भवानीपुर में ममता आगे; कई सीटों पर कड़ा मुकाबला

दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के शुरुआती रुझानों में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है। 293 सीटों पर जारी गिनती में भाजपा ने बढ़त बनाते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।

ताजा रुझानों के अनुसार भाजपा करीब 160 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) लगभग 117 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। एक सीट फालता पर 21 मई को पुनर्मतदान होना है।

हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर से मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी आगे चल रही हैं, जबकि नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी को कड़ी टक्कर मिल रही है और कई राउंड में वे पीछे भी दिखे। वहीं पानीहाटी सीट पर आरजीकर हॉस्पिटल रेप केस की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को बढ़त मिलने से यह सीट चर्चा में आ गई है।

दिलचस्प बात यह है कि जिन इलाकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के दौरान दौरा किया था, वहां भाजपा को मजबूत बढ़त मिल रही है। झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम—इन चारों सीटों पर भाजपा आगे चल रही है।

शुरुआती रुझानों से यह भी संकेत मिल रहा है कि इस बार एग्जिट पोल काफी हद तक सही साबित हो सकते हैं। 8 में से 6 एग्जिट पोल ने भाजपा की सरकार बनने का अनुमान जताया था।

मतगणना के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। सिलिगुड़ी से लेकर दिल्ली मुख्यालय तक जश्न शुरू हो गया है—कहीं गुलाल उड़ाया जा रहा है तो कहीं मिठाइयां बांटी जा रही हैं। दूसरी ओर, कोलकाता में TMC कार्यालय के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है।

हालांकि, अभी अंतिम नतीजे आना बाकी हैं और कई सीटों पर मुकाबला बेहद कांटे का है। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, तस्वीर और साफ होती जाएगी। फिलहाल रुझानों ने बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं।

Exit mobile version