भूकंप के झटकों से हिला बस्तर, ओडिशा का कोरापुट था केंद्र: सीसीटीवी में कैद हुई घटना, रात में दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

जगदलपुर। बस्तर संभाग में बीती रात अचानक भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। जगदलपुर समेत आसपास के कई इलाकों में जमीन हिलने का एहसास होते ही लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11:31 बजे आए इस भूकंप का केंद्र ओडिशा के कोरापुट क्षेत्र में था। नैशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई, जबकि इसकी गहराई जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे थी। झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस हुए, लेकिन अचानक हुए इस कंपन ने लोगों को डरा दिया।

घटना के दौरान कई घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कंपन के दृश्य कैद हुए हैं। फुटेज में पंखों और अन्य सामान को हिलते हुए साफ देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर भी ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर खुले स्थानों की ओर भागे। देर रात तक लोग सतर्क रहे और झटके थमने के बाद ही वापस अपने घरों में लौटे। स्थानीय प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी और किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमों को अलर्ट पर रखा।

विशेषज्ञों का कहना है कि बस्तर क्षेत्र भूकंप के लिहाज से अपेाकृत सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इस तरह की घटनाएं भूगर्भीय गतिविधियों में बदलाव का संकेत हो सकती हैं। ऐसे में भविष्य में भी सतर्क रहने की जरूरत है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भूकंप के दौरान घबराएं नहीं, बल्कि सुरक्षित स्थानों पर जाएं और अफवाहों से बचें।

Exit mobile version