बस्तर जल्द होगा भयमुक्त, 2026 तक नक्सलवाद का खात्मा: CM साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए एक बड़ा अभियान तेजी से चल रहा है। सुरक्षाबलों ने बीजापुर-गंगालूर और कांकेर-नारायणपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 नक्सलियों को मार गिराया। इनमें से 26 नक्सली बीजापुर-गंगालूर में और 4 नक्सली कांकेर-नारायणपुर में ढेर हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि सुरक्षाबलों की वीरता को सलाम किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई लगातार जारी रहेगी, जब तक प्रदेश पूरी तरह से नक्सलमुक्त नहीं हो जाता।

मुख्यमंत्री ने डीआरजी के शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा। उनका यह योगदान प्रदेश की सुरक्षा के लिए अमूल्य है।

2026 तक नक्सलवाद का खात्मा – सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूरी तरह खात्मे के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सुरक्षाबलों की यह सफलता इस लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नक्सलवाद का अंत अब निकट है और प्रदेश के हर नागरिक को भयमुक्त जीवन मिलेगा।

सुरक्षाबलों की लगातार सफल कार्रवाइयां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षाबलों की लगातार सफल कार्रवाइयों से यह साबित हो चुका है कि नक्सलवाद का अंत अब बहुत करीब है। सरकार और सुरक्षाबल मिलकर स्थायी शांति और विकास की दिशा में काम कर रहे हैं। उनका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के हर नागरिक को सुरक्षित, भयमुक्त और समृद्ध जीवन प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णायक युद्ध तब तक जारी रहेगा, जब तक प्रदेश पूरी तरह से नक्सलमुक्त नहीं हो जाता। सुरक्षाबलों की वीरता प्रदेश को स्थायी शांति और विकास की ओर अग्रसर करने में मदद करेगी।

Exit mobile version