इफ्तार के दौरान हमला: 150 लोगों की भीड़ ने युवकों को पीटा, पहनावे को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है, जहाँ रमजान के पवित्र महीने में इफ्तार की तैयारी कर रहे युवकों के एक समूह पर भारी भीड़ ने हमला कर दिया।

पुणे के पुरंदर तालुका स्थित ओस्करवाड़ी इलाके में हुई इस घटना में 4 से 5 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पढ़े क्या है पूरा मामला

25 वर्षीय फिरोज जावेद सैयद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह अपने 10 दोस्तों के साथ एक झील के किनारे रोजा खोलने (इफ्तार) के लिए इकट्ठा हुए थे। ये सभी युवक पुणे के कोंढवा इलाके से यहाँ आए थे। जब युवक इफ्तार की तैयारी कर रहे थे, तभी लगभग 100 से 150 लोगों की भीड़ मोटरसाइकिलों पर वहाँ पहुँची।

आरोप है कि भीड़ ने पहले युवकों से पूछताछ की और फिर उनकी टोपी और पहनावे को लेकर आपत्ति जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और भीड़ ने लाठियों, पत्थरों और दरांती जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही ससवाद पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने लगभग 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अब तक 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और अन्य की तलाश जारी है। इलाके में सांप्रदायिक सद्भाव और शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Exit mobile version