दिल्ली। दिल्ली के महरौली से भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने शुक्रवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने आतिशी की तुलना रामायण की पात्र सूर्पणखा से की।
गजेंद्र यादव ने कहा, “रामायण में रावण और कुंभकर्ण मारे गए, लेकिन सूर्पणखा बच गई। ठीक इसी तरह दिल्ली चुनाव में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का राजनीतिक करियर खत्म हो गया, लेकिन आतिशी जीत गईं। वह सूर्पणखा जैसी हैं।” यह बयान दिल्ली की राजनीति में एक नया विवाद पैदा कर सकता है।
आम आदमी पार्टी के विधायकों को ‘रुदाली’ कहा
गजेंद्र यादव ने आगे आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों को ‘रुदाली’ भी कहा। उन्होंने कहा, “AAP विधायकों को सिर्फ रोने और विरोध करने के लिए चुना गया है। जब भी हम सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करते हैं, वे रुदाली की तरह रोने लगते हैं।”
आतिशी को लेकर भाजपा नेताओं के विवादित बयान
गजेंद्र यादव के बयान से पहले भी भाजपा के नेताओं ने आतिशी को लेकर विवादित टिप्पणियां की थीं:
- 5 फरवरी 2025: भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने आतिशी को “जंगल में दौड़ने वाली हिरणी” जैसा बताया था। उन्होंने कहा कि आतिशी पिछले चार सालों से लोगों से नहीं मिलीं और अब वोट पाने के लिए “हिरणी की तरह” घूम रही हैं।
- 5 जनवरी 2025: रमेश बिधूड़ी ने आतिशी के परिवार को लेकर भी विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि आतिशी ने अपना “बाप बदल लिया” और वे “मार्लेना से सिंह बन गई हैं।”