रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज अपने चौथे दिन पहुंच गया है। आज सदन में कस्टोडियल डेथ, जेलों में कैदियों की संख्या और रायपुर के फॉर्म हाउस में रेव पार्टी जैसे विवादित मामलों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा मेकाहारा अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, 108 एंबुलेंस सेवा के टेंडर, तकनीकी संस्थानों से पासआउट युवाओं के लिए रोजगार, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधूरे कार्य और नक्सल पुनर्वास नीति जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरने की तैयारी है।
प्रश्नकाल के दौरान खास तौर पर गृहमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और अन्य संबंधित मंत्रियों से सवाल किए जाएंगे। बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर मेकाहारा अस्पताल में बेड और मशीनों की स्थिति पर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल कस्टोडियल डेथ और जेलों में अधिक कैदियों की स्थिति पर सवाल उठाएंगे। बीजेपी विधायक भावना बोहरा ग्राम सड़क योजना के अधूरे काम पर, जबकि विक्रम उसेंडी नक्सल पुनर्वास नीति पर प्रश्न पूछेंगे। विधायक शकुंतला पोर्ते युवाओं के रोजगार और धरमलाल कौशिक 108 एंबुलेंस टेंडर प्रक्रिया पर जवाब मांगेंगे।
रायपुर के फॉर्महाउस में हुई अवैध रेव पार्टी के मामले पर विधायक चातुरी नंद गृहमंत्री से कार्रवाई और निगरानी की व्यवस्था के बारे में पूछेंगी। वहीं, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी शराब दुकानों और आहता आवंटन के पारदर्शिता मुद्दे को उठाएंगे। अंबिका मरकाम पारधी समुदाय के लोगों के जाति प्रमाण पत्र न बनने का मामला उठाएंगी।
प्रश्नकाल और ध्यानाकर्षण के बाद सदन में 24 फरवरी को पेश बजट पर चर्चा शुरू होगी। विधायकों को अपने क्षेत्र और विभाग से जुड़े मुद्दों को बजट से जोड़कर सरकार पर दबाव बनाने का मौका मिलेगा।
कुल मिलाकर, विधानसभा का चौथा दिन सवाल-जवाब और राजनीतिक तीखेपन से भरा रहेगा। कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं जैसे संवेदनशील मामलों पर सरकार को सीधे जवाब देना होगा।
