रायपुर में 100 नए घरों को मंजूरी, बांसटाल-अमलीडीह में बनेंगे आवास

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत रायपुर में 100 नए आवासों के निर्माण को मंजूरी मिली है। भारत सरकार की केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति (CSMC) ने बांसटाल और अमलीडीह की दो परियोजनाओं को मंजूरी दी है। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 5 करोड़ 56 लाख रुपए है। आवास आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए बनाए जाएंगे।

बांसटाल स्वीपर कॉलोनी स्लम पुनर्वास के तहत 40 आवास बनाए जाएंगे। इस परियोजना की लागत 2 करोड़ 11 लाख रुपए है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 60 लाख और राज्यांश के रूप में 93 लाख रुपए दिए जाएंगे। वहीं, हितग्राही अंशदान से 58 लाख रुपए जुटाए जाएंगे। प्रत्येक आवास के लिए हितग्राही अंशदान 1 लाख 45 हजार रुपए निर्धारित है।

अमलीडीह में बनेंगे 60 घर

अमलीडीह में कमजोर आय वर्ग के परिवारों के लिए 60 आवास बनाए जाएंगे। Affordable Housing परियोजना की कुल लागत 3 करोड़ 45 लाख रुपए है। इसमें केंद्रांश 90 लाख और राज्यांश 60 लाख रुपए रहेगा। हितग्राहियों की ओर से 1 करोड़ 95 लाख रुपए का अंशदान दिया जाएगा। यहां प्रति आवास हितग्राही अंशदान 3 लाख 45 हजार रुपए निर्धारित किया गया है।

36 महीने में पूरा करना होगा निर्माण

दोनों परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 36 महीने की समयसीमा तय की गई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के अनुसार परियोजनाओं का निर्माण और निगरानी की जाएगी। योजना के तहत पात्र परिवारों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवास आवंटित किए जाएंगे।

दिव्यांग और बुजुर्गों को प्राथमिकता

PMAY Urban 2.0 के तहत आवास आवंटन में पारदर्शिता रखने के निर्देश दिए गए हैं। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर भूतल या निचले तल पर आवास दिए जाएंगे। बांसटाल और अमलीडीह की इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कुल 100 परिवारों को नए आवास मिलने का रास्ता साफ होगा।

↑
Exit mobile version