ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नारायणपुर के परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय को बस देने की घोषणा: सीएम साय

नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय को बस उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री आज विद्यालय में अचानक छात्रों के बीच पहुंचे, जहां विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक गीतों ने सभी को भावविभोर कर दिया।

मुख्यमंत्री साय ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ लेकर बच्चे अपने सपनों को साकार करें और आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने का लक्ष्य रखें।

उन्होंने कहा कि शारीरिक कमी को कभी कमजोरी नहीं मानना चाहिए, क्योंकि विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों पर ईश्वर का विशेष आशीर्वाद होता है।

बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय को एक बस देने की घोषणा की, जिससे बच्चों की आवाजाही और शैक्षणिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर आशीर्वाद भी दिया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय की शुरुआत 11 सितंबर 2023 को जिला खनिज न्यास निधि से की गई थी। यहां 60 दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत, खेलकूद, योग और कंप्यूटर प्रशिक्षण की सुविधाएं दी जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button