रायपुर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते असर को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब 30 जून 2026 तक सभी आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7 बजे से 11 बजे तक संचालित होंगे।
इस दौरान बच्चों की उपस्थिति केवल सुबह 7 बजे से 9 बजे तक ही रहेगी, ताकि उन्हें तेज गर्मी और लू के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि बदले हुए समय में भी बच्चों की प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख और शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा (ECCE) गतिविधियां तय समय-सारिणी और कैलेंडर के अनुसार चलती रहेंगी। साथ ही पूरक पोषण आहार का वितरण भी नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि बच्चों के पोषण और शिक्षा पर कोई असर न पड़े।
निर्देश के अनुसार सुबह 7 बजे से 9 बजे तक बच्चों की उपस्थिति रहेगी, जबकि अन्य सेवाओं के लिए केंद्र 11 बजे तक खुले रहेंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपने जॉब चार्ट के अनुसार बाकी कार्य करेंगी।
मुख्यमंत्री ने गृहभेंट के जरिए पोषण परामर्श सेवा को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। केंद्र बंद होने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर माताओं को पोषण और बच्चों की देखभाल के प्रति जागरूक करेंगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और निर्देशों के पालन में कोई ढिलाई नहीं होगी। सभी जिला अधिकारियों को व्यवस्थाओं की सतत निगरानी और नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। 1 जुलाई 2026 से आंगनबाड़ी केंद्र फिर अपने सामान्य समय सुबह 9:30 बजे से 3:30 बजे तक संचालित होंगे।
