बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। पेद्दागेलूर के घने जंगल क्षेत्र में चल रही इस मुठभेड़ में नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में नक्सली कमांडर उधम सिंह के मारे जाने की पुष्टि हुई है। मुठभेड़ के दौरान इलाके से एक ऑटोमेटिक AK-47 राइफल और एक नक्सली का शव बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान पेद्दागेलूर के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से जवाबी कार्रवाई हुई। मुठभेड़ काफी देर तक चली, जिसमें नक्सली कमांडर उधम सिंह मारा गया।
सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल को पूरी तरह घेर लिया है। आशंका जताई जा रही है कि इलाके में अन्य नक्सली भी छिपे हो सकते हैं। इसी वजह से पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जंगल और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी नक्सली को भागने का मौका न मिले।
बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दौरान बरामद हथियार और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है। नक्सली कमांडर के मारे जाने से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
