नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश, अवैध रेत खनन रोकने गए थे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन रोकने पहुंचे नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते नायब तहसीलदार राहुल साहू को गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखुंडी क्षेत्र में निगरानी के निर्देश दिए गए थे।

रविवार को सूचना मिली कि गढ़वट गांव में ट्रैक्टर से अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। मौके पर पहुंचकर नायब तहसीलदार ने रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि खैरखुंडी निवासी चालक रितुराज सिंह ने आधी रेत नदी में खाली कर दी और ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। रोकने पर उसने नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वे कूदकर बाल-बाल बच गए।

नायब तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने चालक को पकड़कर बीएनएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। हालांकि, न तो ट्रैक्टर-रेत जब्त हुई और न ही एफआईआर दर्ज की गई।

Exit mobile version