राजस्थान सहित 15 राज्यों में बारिश, घना कोहरा और बर्फबारी का अलर्ट

दिल्ली। नए साल की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में ठंड, कोहरा और बर्फबारी ने मौसम का रुख बदला है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली में बारिश दर्ज की गई। राजस्थान के 20 जिलों में मावठा गिरा, बीकानेर में आधे घंटे तक ओले गिरे। जयपुर में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना सहित 15 राज्यों में घना कोहरा छाया हुआ है। कानपुर में विजिबिलिटी लगभग जीरो हो गई है। उत्तराखंड के चमोली जिले की नीति घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग, पहलगाम और गुलमर्ग में भी बर्फबारी जारी है। कश्मीर घाटी को जम्मू क्षेत्र से जोड़ने वाली मुगल रोड और सिंथन टॉप रोड को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने 3 जनवरी के लिए पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। दिल्ली में शीतलहर की शुरुआत हो चुकी है, तापमान 5 डिग्री से नीचे जा सकता है।

राजस्थान में मावठा और ओले गिरने से बीकानेर का तापमान 10 डिग्री तक लुढ़क गया। मध्य प्रदेश के कल्याणपुर-पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ। उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में घना कोहरा छाया और तापमान 3 डिग्री तक गिर गया। उत्तराखंड के चार जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग ने जनवरी से मार्च तक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से कम बारिश रहने का अनुमान है। IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि बिहार और नॉर्थ ईस्ट में सर्दी थोड़ी लंबी रहेगी, जबकि राजस्थान में ठंड जल्दी खत्म होने की संभावना है।

Exit mobile version