रायपुर। भारतीय रेलवे आने वाले 2-3 वर्षों में देशभर में 200 वंदेभारत, 100 अमृत भारत और 50 नमो भारत रैपिड रेल सेवाएं शुरू करने की योजना पर तेजी से काम कर रहा है।
इसी क्रम में रायपुर रेल मंडल ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रायपुर से रांची और जबलपुर के लिए वंदेभारत ट्रेन तथा मुंबई, हावड़ा और कामाख्या के लिए अमृत भारत ट्रेन चलाने के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड के माध्यम से मंत्रालय तक भेजा गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने जानकारी दी कि रांची और जबलपुर जैसे रूटों पर यात्रियों की आवाजाही अधिक है, इसलिए वंदेभारत सेवा से लोगों को एक ही दिन में यात्रा पूरी करने का लाभ मिलेगा। इससे समय की बचत और यात्रा की गुणवत्ता दोनों बेहतर होंगी।
वहीं अमृत भारत ट्रेनों के जरिए रायपुर से मुंबई, हावड़ा और पूर्वोत्तर के महत्वपूर्ण शहर कामाख्या तक लंबी दूरी की यात्रा को सुविधाजनक बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। कामाख्या जैसे रूट पर यात्री भार अधिक होता है, जिससे इन ट्रेनों से यात्रियों को राहत और रेलवे को राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
फिलहाल रेलवे के पास इन सेवाओं के लिए नए रैक तैयार नहीं हैं, लेकिन जैसे ही रैक उपलब्ध होंगे, चरणबद्ध तरीके से ट्रेनें शुरू की जाएंगी। फिलहाल रायपुर मंडल नागपुर और विशाखापट्टनम के लिए वंदेभारत सेवा संचालित कर रहा है। नए प्रस्ताव स्वीकृत होने पर छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी।