रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। वे आज रात राजधानी रायपुर पहुंचेंगे और शनिवार, 4 अक्टूबर को बस्तर दशहरा में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा के नेताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शाह के बस्तर दौरे से ठीक दो दिन पहले बीजापुर जिले में 103 नक्सलियों ने सरेंडर किया। इनमें से 49 नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 6 लाख 30 हजार रुपए का इनाम घोषित था। कुछ दिन पहले शाह ने साफ कहा था कि नक्सली सरेंडर करें तो रेड कार्पेट स्वागत, वरना गोली का जवाब गोली से मिलेगा।
बीजापुर जिले में 1 जनवरी 2025 से अब तक 421 नक्सली पकड़ाए गए हैं। इनमें से 410 नक्सलियों ने हथियार छोड़ दिए, जबकि अलग-अलग मुठभेड़ों में 137 माओवादी मारे गए। सरेंडर करने वाले नक्सलियों को 50-50 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी गई।
केंद्रीय गृह मंत्री ने 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन दी है। जनवरी 2024 से अब तक 1890 नक्सली सरेंडर, 1100 से ज्यादा गिरफ्तार और 282 मारे गए। बीजापुर में 103 नक्सलियों के हालिया सरेंडर से ऑपरेशन और तेज हो गया है।
अमित शाह इससे पहले अगस्त 2024 और दिसंबर 2024 में रायपुर और जगदलपुर का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने मंचों से नक्सलियों को चेताया कि हथियार डालें, वरना सुरक्षा बल कार्रवाई करेंगे।
शाह के इस दौरे का उद्देश्य न केवल बस्तर दशहरा में शामिल होना, बल्कि नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियान को भी मजबूत करना है। सरकार की रणनीति के तहत नक्सलियों को सरेंडर कराने और हथियार छोड़वाने पर जोर दिया जा रहा है।