रायपुर। रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन जल्द ही मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क है और तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। हालांकि, अगले तीन दिनों के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 40.5°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.5°C रहा। फिलहाल प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई है, जिससे गर्मी का असर लगातार बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, एक निम्न दबाव का क्षेत्र बिहार से पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है, जबकि एक द्रोणिका (ट्रफ) उत्तरी ओडिशा से होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना और कर्नाटक तक सक्रिय है। इन सिस्टम्स के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आने वाले दो दिनों में भी कुछ इलाकों में हल्की से बहुत हल्की वर्षा और आंधी-तूफान के आसार बने रहेंगे।
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 40°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बदलते मौसम के बीच आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
