रायपुर। छत्तीसगढ़ में जारी गैस संकट के बीच कालाबाजारी करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं।
रायपुर की खरोरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 45 कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने पिकअप चालक और कंडक्टर को हिरासत में लिया है।
शान-ए-पंजाब ढाबे के पास दबिश, 10.74 लाख का सामान जब्त
खरोरा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिचोली स्थित शान-ए-पंजाब ढाबे के सामने एक सफेद रंग की पिकअप (CG 04 QK 6282) में भारी मात्रा में गैस सिलेंडर भरे हुए हैं और आरोपी ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां पिकअप के डाले में ‘श्री छत्तीसगढ़ गैस’ के भरे और खाली सिलेंडर पाए गए। पुलिस ने वाहन सहित कुल 10 लाख 74 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
जोधपुर और आरंग के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों का नाम गिनेश्वर प्रसाद साहू (32): निवासी कुरुद, थाना आरंग (ड्राइवर) और लादू राम (29): निवासी जोधपुर, राजस्थान (हाल पता: आरंग) बताया जा रहा है।
मालिक के निर्देश पर खपा रहे थे स्टॉक
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने मालिक भूपेश्वर प्रसाद साहू के निर्देश पर अवैध रूप से गैस खपाने का काम कर रहे थे। मौके पर सिलेंडर परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर पुलिस ने धारा-106 BNSS के तहत कार्रवाई की है।
