अमेरिका ने छत्तीसगढ़ को ‘हाई रिस्क एरिया’ बताया, सियासत गरमाई

रायपुर। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने भारत के छह राज्यों को लेकर अपने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें छत्तीसगढ़ को ‘हाई रिस्क एरिया’ बताया गया है। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, ओडिशा, मेघालय और पश्चिम बंगाल के ग्रामीण इलाकों में माओवादी (नक्सल) हमलों का खतरा बना रहता है।

अमेरिकी सरकार ने अपने कर्मचारियों को इन राज्यों में यात्रा से पहले अनुमति लेने को कहा है, हालांकि राज्य की राजधानी की यात्रा के लिए इसकी आवश्यकता नहीं है। एडवाइजरी में माओवादियों द्वारा सरकारी कर्मियों, पुलिस और अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाए जाने का उल्लेख किया गया है।

इस रिपोर्ट पर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए पूछा- “क्या यही है अमृतकाल?” उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की टिप्पणी है।

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इसे प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता अपने ही राज्य को बदनाम कर रहे हैं। भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कहा कि अमेरिका ने यात्रा पर रोक नहीं, बल्कि सतर्कता की बात कही है। हालांकि, हालिया ‘ग्लोबल पीस इंडेक्स 2025’ में भारत अमेरिका से बेहतर स्थिति में बताया गया है। भारत इस सूची में 115वें स्थान पर है, जबकि अमेरिका 128वें स्थान पर है।

Exit mobile version