अमरनाथ यात्रा शुरू: पहले दिन 12,348 श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन, तीसरा जत्था रवाना

दिल्ली। अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ। पहले दिन शाम 7:15 बजे तक 12,348 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इनमें 9,181 पुरुष, 2,223 महिलाएं, 99 बच्चे, 122 साधु-साध्वियां और 8 ट्रांसजेंडर श्रद्धालु शामिल थे।

जम्मू के भगवतीनगर बेस कैंप से गुरुवार को 5,200 तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था रवाना हुआ, जो दोपहर तक पहलगाम पहुंच गया। शुक्रवार सुबह 6,400 यात्रियों का तीसरा जत्था भी रवाना हो गया। इस साल अब तक 3.5 लाख से ज्यादा यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पहले दिन बालटाल रूट पर भारी भीड़ देखी गई, जहां 16 किमी लंबी लाइन लगी रही। हिम शिवलिंग का आकार शुरुआती दिन ही 1.5 से 2 फीट रह गया, जिससे उसके जल्द पिघलने की आशंका है।

38 दिन चलने वाली यह यात्रा 9 अगस्त (रक्षाबंधन) तक चलेगी। यात्रा दो रूटों- पहलगाम और बालटाल से हो रही है। पहलगाम रूट प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है लेकिन लंबा है, जबकि बालटाल रूट छोटा लेकिन अधिक कठिन है। सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू में कई रजिस्ट्रेशन सेंटर खोले हैं, जहां हर दिन 2,000 तीर्थयात्रियों का पंजीकरण किया जा रहा है।

पहले दिन बाबा अमरनाथ की प्रथम आरती की गई और श्रद्धालुओं ने ‘हर हर महादेव’ और ‘बम बम भोले’ के जयकारों के साथ यात्रा शुरू की। यात्रा मार्गों पर सेना, CRPF और डॉग स्क्वॉड समेत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों को फिजिकल फिटनेस, दस्तावेज़ और जरूरी सामान के साथ सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version