अंबिकापुर से दिल्ली तक एलायंस एयर शुरू करेगी फ्लाइट सेवा: मार्च से सप्ताह में दो दिन चलेगी हवाई सेवा, कंपनी ने जारी किया शेड्यूल

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर से अब दिल्ली की सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। एलायंस एयर मार्च के आखिरी सप्ताह से मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से दिल्ली के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू करेगी। यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को संचालित होगी और बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी।

एलायंस एयर 72 सीटर एटीआर विमान से इस सेवा का संचालन करेगी। फिलहाल कंपनी बिलासपुर से दिल्ली के बीच सप्ताह में तीन दिन उड़ान भर रही है। अंबिकापुर से उड़ान शुरू होने से सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

कंपनी ने उड़ान का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। सोमवार को फ्लाइट संख्या 91613 सुबह 7:50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10:25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद 10:50 बजे बिलासपुर से रवाना होकर 11:40 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। अंबिकापुर से 12:05 बजे उड़ान भरकर 14:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। बुधवार को भी इसी तरह की समय-सारणी लागू रहेगी।

फ्लाइट का अनुमानित बेस किराया 4500 से 6000 रुपए के बीच हो सकता है। इससे पहले दिसंबर 2024 में उड़ान 4.2 योजना के तहत फ्लाई बिग कंपनी ने रायपुर और बिलासपुर के लिए हवाई सेवा शुरू की थी, लेकिन अनियमित संचालन के कारण यह सेवा केवल छह महीने में बंद हो गई थी।

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस से भी बातचीत चल रही है, ताकि भविष्य में रायपुर–अंबिकापुर–प्रयागराज मार्ग पर भी उड़ान शुरू हो सके।

गौरतलब है कि एलायंस एयर देश की प्रमुख घरेलू विमानन कंपनियों में शामिल है और वर्तमान में 57 शहरों को जोड़ते हुए प्रतिदिन 137 उड़ानें संचालित कर रही है। अंबिकापुर से दिल्ली की यह नई सेवा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Exit mobile version