दिल्ली। देश के 25 राज्यों में आज आंधी-तूफान और बारिश का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में तेज बारिश, बिजली गिरने और ओले पड़ने की चेतावनी दी है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में शनिवार को तेज आंधी और बारिश हुई। भोपाल, इटारसी, छिंदवाड़ा जैसे जिलों में तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। सीकर और नागौर में ओले भी गिरे। दिल्ली में शनिवार को दोपहर के समय अचानक तेज बारिश और तूफान आया। इससे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स पर असर पड़ा और दो घंटे तक उड़ानें बाधित रहीं।
मौसम विभाग के अनुसार 5 मई को बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में फिर से बारिश और आंधी आने की संभावना है। 6 और 7 मई को भी गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। झारखंड में 20 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के 58 जिलों में बिजली गिरने और 35 जिलों में आंधी की चेतावनी दी गई है। पंजाब और हरियाणा में भी अगले तीन दिनों तक मौसम बिगड़ा रह सकता है। पंजाब के 16 जिलों और हरियाणा के कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।