नई दिल्ली। देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली सहित 19 राज्यों में आंधी-तूफान और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है, जबकि ओडिशा, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में तेज बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में शुक्रवार को तेज हवा और बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश और तूफान की चेतावनी दी है। महाराष्ट्र का अकोला देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली-एनसीआर, यूपी और छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को आई तेज आंधी और बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आई नमी और हवाओं के कारण उत्तर भारत में भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं। दिल्ली में शुक्रवार को तूफान की रफ्तार 80 किमी/घंटा तक पहुंची। यह 1901 के बाद मई में सबसे तेज बारिशों में से एक थी। राजस्थान, यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी की संभावना है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई है। हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में 6 मई से गर्मी बढ़ सकती है और हीटवेव का अलर्ट भी जारी हुआ है।