छत्तीसगढ़ में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, 8 अगस्त के बाद घटेगी मानसून की रफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हालांकि 8 अगस्त के बाद प्रदेश में बारिश की तीव्रता और इसका दायरा धीरे-धीरे कम होने के संकेत मिले हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल मानसून सामान्य स्थिति में बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई। लगातार बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति भी बनी।

रायपुर के विधानसभा क्षेत्र स्थित गैलेक्सी ग्रीन सोसायटी में पानी भर जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को रायपुर और दुर्ग प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को रायपुर में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ एक-दो दौर की बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

1 जून से 5 अगस्त तक प्रदेश में औसतन 589.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 634.9 मिमी है। इस तरह अब तक सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिसे मौसम विभाग ने अभी भी सामान्य श्रेणी में रखा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में होने वाली बारिश खरीफ फसलों के लिए महत्वपूर्ण होगी। जिन जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है, वहां अच्छी वर्षा होने पर कृषि गतिविधियों को राहत मिलेगी और मानसून का संतुलन भी बेहतर हो सकेगा।

Exit mobile version