अंबिकापुर में हवाई सेवाएं फिर घटाई गई, अब सप्ताह में केवल 3 दिन चलेगी फ्लाइट

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित महामाया एयरपोर्ट (दरिमा) से संचालित हवाई सेवाओं को एक बार फिर घटा दिया गया है। अब फ्लाई बिग कंपनी सप्ताह में केवल तीन दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को ही विमान सेवा उपलब्ध कराएगी। इससे पहले अप्रैल में सेवाएं बढ़ाकर हफ्ते में पांच दिन कर दी गई थीं, लेकिन दो महीने में ही इन्हें फिर सीमित कर दिया गया।

फ्लाई बिग द्वारा जारी नए शेड्यूल के अनुसार, सेवाएं घटाने का कारण विमान में तकनीकी खराबी बताया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी सुशील श्रीवास्तव ने इस बदलाव की पुष्टि की है और बताया कि यह नया शेड्यूल 19 मई को लागू कर दिया गया।

सेवाएं शुरू होने से अब तक की स्थिति

सरगुजा क्षेत्र के लिए हवाई सेवाएं दिसंबर 2024 में शुरू की गई थीं। शुरू में सप्ताह में तीन दिन रायपुर और बिलासपुर के लिए उड़ानें शुरू हुई थीं, जिन्हें यात्रियों की प्रतिक्रिया देखते हुए अप्रैल में बढ़ाकर पांच दिन कर दिया गया था। लेकिन अब एक बार फिर इन्हें घटाकर पहले की स्थिति में लाया गया है।

यात्रियों की कमी बनी चुनौती

अंबिकापुर से बिलासपुर के लिए उड़ानें कंपनी के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही हैं। महज ₹999 के बेस फेयर पर टिकट उपलब्ध होने के बावजूद इस रूट पर यात्रियों की संख्या काफी कम है। कई उड़ानें लगभग खाली ही जा और आ रही हैं। इसके कारण फ्लाई बिग को इस रूट को बनाए रखना मुश्किल हो रहा है। वहीं अंबिकापुर-रायपुर रूट पर शुरू में किराया 3999 से 4999 तक कर दिया गया था, जिससे यात्रियों की संख्या घटी। बाद में मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद किराया घटाकर ₹1499 किया गया, जिससे इस रूट पर यात्री बढ़े।

Exit mobile version