अंबिकापुर से दिल्ली-कोलकाता के लिए हवाई सेवा 30 मार्च से, CM साय करेंगे शुभारंभ

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से देश के प्रमुख महानगर दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित हवाई सेवा 30 मार्च से शुरू होने जा रही है। यह उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। विष्णु देव साय इस सेवा का वर्चुअल शुभारंभ रायपुर से करेंगे।

यह हवाई सेवा माँ महामाया एयरपोर्ट दरिमा से संचालित होगी, जहां एलायंस एयर द्वारा 72-सीटर ATR विमान चलाया जाएगा। दिल्ली के लिए फ्लाइट सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार उपलब्ध रहेगी, जबकि कोलकाता के लिए गुरुवार और शनिवार को उड़ानें संचालित होंगी। इस शेड्यूल से यात्रियों को आने-जाने दोनों दिशाओं में सुविधा मिलेगी।

नई हवाई सेवा से सरगुजा संभाग की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। इससे बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। खासकर कोलकाता से सीधा जुड़ाव होने से पूर्वी भारत के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र तक पहुंच आसान होगी, जिससे व्यापार और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।

अंबिकापुर न केवल सरगुजा संभाग का मुख्यालय है, बल्कि यह शिक्षा, प्रशासन और व्यापार का प्रमुख केंद्र भी है। यहां मैनपाट, तातापानी और कई जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जिससे पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से भी यह सुविधा महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि गंभीर मरीजों को अब तेजी से बड़े शहरों में इलाज के लिए भेजा जा सकेगा। गौरतलब है कि इस एयरपोर्ट का विकास केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत किया गया है। रनवे विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के साथ अब यह क्षेत्र विकास के नए आयाम छूने के लिए तैयार है।

Exit mobile version