मुंबई। मुंबई से लंदन के लिए रवाना होने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI129 शनिवार सुबह पांच घंटे की देरी से चल रही है। यह फ्लाइट सुबह 6:30 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण अभी तक रवाना नहीं हो पाई है। एयरलाइन ने जानकारी दी है कि अब यह फ्लाइट दोपहर करीब 1 बजे उड़ान भरेगी।
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री सुबह 6 बजे विमान में सवार हो चुके थे, लेकिन सुरक्षा और तकनीकी जांच के चलते करीब 8:15 बजे उन्हें दोबारा विमान से बाहर उतारा गया। इस दौरान यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना पड़ा। एअर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी समस्या का समाधान करने के लिए इंजीनियरों की टीम काम कर रही है और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही विमान को उड़ान की अनुमति दी जाएगी।
फ्लाइट में देरी की वजह से यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर एअर इंडिया से अपनी परेशानी जाहिर की और बेहतर प्रबंधन की मांग की। हालांकि, एयरलाइन की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। एयरपोर्ट लाउंज में यात्रियों के लिए नाश्ते और पेयजल की व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि मुंबई-लंदन रूट एअर इंडिया का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मार्ग है और इस पर रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं। लगातार तकनीकी देरी की घटनाएं एअर इंडिया की समयपालन रिकॉर्ड पर सवाल खड़े कर रही हैं। एयरलाइन ने आश्वासन दिया है कि फ्लाइट को जल्द से जल्द रवाना किया जाएगा और यात्रियों को पूरी सहायता दी जाएगी।
