दिल्ली। एअर इंडिया ने शुक्रवार को मेंटेनेंस और ऑपरेशनल कारणों से 8 फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं, जिनमें 4 इंटरनेशनल और 4 डोमेस्टिक उड़ानें शामिल हैं। डोमेस्टिक उड़ानों में पुणे- दिल्ली (AI874), अहमदाबाद- दिल्ली (AI456), हैदराबाद- मुंबई (AI2872) और चेन्नई- मुंबई (AI571) फ्लाइट्स शामिल हैं।
इंटरनेशनल रूट पर दुबई-चेन्नई (AI906), दिल्ली- मेलबर्न (AI308), मेलबर्न- दिल्ली (AI309) और दुबई-हैदराबाद (AI2204) रद्द की गई हैं। अहमदाबाद विमान हादसे के बाद बीते 8 दिनों में अब तक कुल 84 फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं। गुरुवार को दिल्ली से वियतनाम जा रही फ्लाइट AI388 को तकनीकी खराबी के चलते हवा में रहते हुए वापस दिल्ली बुलाया गया। इसमें 130 यात्री सवार थे।
इसी दिन एक निजी एयरलाइन की गुवाहाटी-चेन्नई फ्लाइट को फ्यूल की कमी के चलते बेंगलुरु में उतारा गया। वहीं, दिल्ली से लेह और हैदराबाद से तिरुपति जा रही दो अन्य फ्लाइट्स तकनीकी खराबियों की वजह से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद वापस लौटीं।
17 जून को कोलकाता से मुंबई जाने वाला बोइंग 777 विमान बाएं इंजन की खराबी से देरी का शिकार हुआ। 18 जून को भी तीन फ्लाइट्स दिल्ली-बाली, टोरंटो-दिल्ली और दुबई-दिल्ली को सुरक्षा, क्रू ड्यूटी लिमिट और तकनीकी कारणों से रद्द किया गया। बार-बार फ्लाइट्स रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है और एअर इंडिया की तकनीकी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।