धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टेक्नोलॉजी से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन की पहल पर AI Upskilling Course 2026 के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस कर रोजगार, फ्रीलांसिंग और डिजिटल उद्यमिता के लिए तैयार करना है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में पीजी कॉलेज धमतरी के आईटी भवन में परीक्षा आयोजित हुई। इसमें जिले के अलग-अलग शिक्षण संस्थानों के 166 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें 107 छात्र ऑफलाइन और 59 छात्र ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। युवाओं की बड़ी भागीदारी से जिले में AI और डिजिटल स्किल्स को लेकर बढ़ती रुचि साफ दिखाई दी।
परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को बेंगलुरु की प्रतिष्ठित संस्था Learnijoy Bangalore द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस ट्रेनिंग प्रोग्राम में AI Video Generation, Website Development, AI Agents Making, Automation Tools, Prompt Engineering और Digital Productivity जैसी अत्याधुनिक तकनीकों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशासन का दावा है कि यह कोर्स पूरी तरह इंडस्ट्री ओरिएंटेड होगा, जिससे युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि यह पहल केवल तकनीकी शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगार सृजक बनाने की दिशा में भी अहम कदम है। प्रशिक्षण के जरिए छात्र इंटर्नशिप, फ्रीलांसिंग और खुद का स्टार्टअप शुरू करने के लिए भी सक्षम बन सकेंगे।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आने वाला समय AI और डिजिटल टेक्नोलॉजी का है। प्रशासन का प्रयास है कि धमतरी के युवाओं को समय रहते वैश्विक स्तर की स्किलिंग मिले, ताकि वे देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी टेक्नोलॉजी आधारित रोजगार और नवाचार कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।
