सुकमा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में सुकमा जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं का गांव में ही समाधान करने की पहल की। कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर शुक्रवार को किस्ताराम से करीब 20 किलोमीटर दूर पालाचलमा पंचायत के मेटागुड़ा गांव पहुंचे।
दरअसल, मेटागुड़ा के ग्रामीण दो दिन पहले स्कूल, आंगनबाड़ी भवन समेत विभिन्न मांगों को लेकर ट्रैक्टर से जिला मुख्यालय पहुंचे थे। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेने के बाद कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ बाइक से गांव पहुंचे और लोगों से सीधे संवाद किया।
पेड़ की छांव में लगी चौपाल
गांव पहुंचकर अधिकारियों ने पेड़ की छांव में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। कलेक्टर जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते नजर आए। इस दौरान मेटागुड़ा में आंगनबाड़ी भवन और आमापेंटा में प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए तत्काल स्वीकृति आदेश जारी किए गए। संबंधित विभागों को अन्य मांगों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सिंचाई और रोजगार पर भी जोर
ग्रामीणों की सिंचाई संबंधी मांग को देखते हुए नहर विकास कार्य और वीबी-जी रामजी के तहत तालाब निर्माण की स्वीकृति दी गई। इन कार्यों से सिंचाई सुविधा बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
अधिकारियों ने मेटागुड़ा में करीब दो माह में बिजली सुविधा पहुंचाने का आश्वासन दिया। सड़क निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर राज्य सरकार को भेजी जा चुकी है।
सोमवार को लगेगा विशेष शिविर
ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने सोमवार को गांव में विशेष शिविर लगाया जाएगा। इसमें वोटर आईडी, आधार कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड और आयुष्मान कार्ड से जुड़े काम किए जाएंगे। प्रशासन के गांव पहुंचकर समस्याएं सुनने और तत्काल कार्रवाई करने से ग्रामीणों ने संतोष जताया।
