रायपुर। रायपुर में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ जिला प्रशासन और नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में नगर निगम जोन-8 की टीम ने जरवाय क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 एकड़ निजी जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, जरवाय इलाके में करीब एक एकड़ निजी भूमि पर अज्ञात लोगों द्वारा बिना अनुमति के प्लाटिंग की जा रही थी। प्लॉट बेचने की तैयारी के तहत जमीन पर मुरूम की सड़क बनाई गई थी और करीब 12 स्थानों पर प्लिंथ लेवल तक अवैध निर्माण भी कर लिया गया था।
शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान अवैध प्लाटिंग की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से कार्रवाई शुरू की। निगम कर्मचारियों ने सबसे पहले वहां बनाई गई मुरूम की सड़क को काटकर खत्म किया, ताकि प्लाटिंग की पूरी व्यवस्था ही ध्वस्त हो जाए। इसके बाद प्लिंथ लेवल तक बने सभी अवैध निर्माणों को भी तोड़ दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार की वैध अनुमति या नक्शा स्वीकृत नहीं कराया गया था। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करते हुए की जा रही प्लाटिंग को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेश और जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के निर्देश पर की गई। कार्रवाई के दौरान जोन-8 के उपअभियंता अबरार खान सहित नगर निवेश विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
नगर निगम का कहना है कि शहर में अवैध प्लाटिंग और निर्माण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता और स्वीकृति की जानकारी जरूर जांच लें।
