रायपुर। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में सोमवार दोपहर निधन हो गया। उन्होंने अपने मुंबई स्थित घर में अंतिम सांस ली। विले पार्ले श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां हेमा मालिनी, ईशा देओल, अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान सहित फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा के एक युग के अंत के रूप में याद किया।
दोपहर 1 बजे उनके घर के बाहर एम्बुलेंस पहुंचने के बाद माहौल गंभीर हो गया। सिक्योरिटी बढ़ाई गई और थोड़ी देर बाद उनका पार्थिव शरीर श्मशान घाट ले जाया गया। 1:10 बजे IANS ने धर्मेंद्र के निधन की आधिकारिक पुष्टि कर दी।
धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से उम्रजनित बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 नवंबर को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। इस दौरान भी उनके निधन की फर्जी खबरें फैलाई गई थीं, जिसे परिवार ने सख्ती से खारिज किया था।
अंतिम संस्कार के दौरान कई सितारे नम आंखों के साथ पहुंचे। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान, संजय दत्त, अक्षय कुमार, सलीम खान सहित दर्जनों सेलेब्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह, राहुल गांधी और कई मुख्यमंत्रियों ने भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि व्यक्त की।
धर्मेंद्र की सरलता, विनम्र स्वभाव और बेहतरीन अभिनय ने उन्हें भारतीय सिनेमा का अमर सितारा बना दिया। उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।
