धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस रिमांड के दौरान एक आरोपी की मौत हो गई, जिसके बाद यह मामला जांच के घेरे में आ गया है। मृतक आरोपी पर किसानों ने धान खरीदी में ठगी का आरोप लगाया था। उसे न्यायालय से रिमांड पर लिया गया था और इस दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक आरोपी का नाम दुर्गेश कठौलीया है और वह राजनांदगांव का रहने वाला था।
अर्जुनी थाना क्षेत्र में प्रार्थी रोहित सिन्हा और करीब 50 अन्य किसानों ने लिखित आवेदन दिया था। इसमें आरोप लगाया गया कि दुर्गेश कठौलीया ने धान बेचने के नाम पर किसानों से अधिक कीमत वसूल की और करीब 7 करोड़ 73 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर फरार हो गया। बाद में यह भी पता चला कि आरोपी ने बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बालाघाट में भी ठगी की वारदातों को अंजाम दिया था। किसानों की शिकायत के बाद थाना अर्जुनी में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दुर्गेश का स्वास्थ्य बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पत्नी ने लगाए आरोप
मृतक दुर्गेश की पत्नी ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि अगर उनके पति ने कोई गलती की थी, तो उसे सजा मिलनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस को उसे इस तरह पीटने का कोई हक नहीं था। वह चाहती हैं कि इस मामले में जो भी दोषी हो, उसे सजा मिले। इस घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।